न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)।
थाना क्षेत्र के गांव सुसाइन में वर्षों से दो पक्षों मे चली आ रही रंजिश को विधायक रामवीर उपाध्याय ने गांव में पंचायत कर खत्म कराया। पंचायत के दौरान दोनों ही पक्षों के लोगों के हाथ मिलवाए और दोनों ही पक्षों ने अपनी-अपनी तरफ से दायर किए हुए वादों को वापस लेने की सहमति व्यक्त की।
विधायक ने बताया कि कि गांव सुसाइन निवासी संजय चौधरी एवं चौ. रनवीर सिंह के परिवार में लगभग पचास वर्षों से लड़ाई चली आ रही थी। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गंभीर धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कराया है। जिसमें चार्जशीट लगाकर न्यायालय में दर्ज हो चुकी थी। इस कारण दोनों परिवार के बच्चे सरकारी नौकरियों से भी वंचित चल रहे थे।
जब यह मामला उनके समक्ष आया तो उन्होंने पंचायत को बुलाया। इसमें धानोटी, मीरपुर, जुगसना, रमचेला, एदलपुर, बीजलपुर, पल्हावत, करसोरा समेत आस पास के गांवों, ब्लॉक मुरसान के कुछ गावों के प्रतिष्ठित लोग शामिल हुए। पंचायत की अध्यक्षता ठा. चोब सिंह एवं संचालन पूर्व प्रधान सत्यवीर आर्य ने किया।