न्यूज डेस्क, अमर उजाला अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में मंगलवार को हुए बवाल के दिन उपद्रवी तत्वों ने धरना दे रहे छात्रों के करीब एक दर्जन बाइको को तोड़कर फूंक दिया था। अभी तक बाइक छात्रों को वापस नहीं मिली हैं। इन वाहनों में 2 बुलेट एवं 2 अपाचे मोटरसाइकिल भी शामिल हैं। इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों से की गई है। हालांकि अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
12 फरवरी को छात्र नेता ठाकुर अजय सिंह के साथ प्रशासनिक ब्लाक पर धरना पर बैठे बीएससी के छात्र ब्रजेश कुमार वर्मा, बीएससी के छात्र राजीव राघव, एमएससी के छात्र अमन शर्मा, बीटेक के छात्र दिनेश कुमार, बीटेक के छात्र पवन जादौन, बीटेक के छात्र गगन गुप्ता, बीएएलएलबी के छात्र अभिनव शर्मा एवं बीटेक के छात्र अमन प्रताप सिंह आदि की बाइक गायब है।
छात्र नेता अजय सिंह, अमन शर्मा आदि ने बताया कि उन लोगों की बाइक को तोड़ कर फूंक दिया गया हैं। इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों के पास की गई है। अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। उल्लेखनीय है कि घटना वाले दिन कैंपस में कुछ वाहन फूंके गये थे। हालांकि अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है कि किसके वाहन फूंके गये और किनके तोड़े गए हैं। एफआईआर दर्ज होने और उसकी जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।