क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
दिल्ली हावड़ा ट्रैक पर गुरुवार की देर शाम इटावा से निकलते ही लखनऊ से दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इससे ट्रेन के एक कोच का शीशा टूट गया। अंदर बैठे यात्रियों की चीख निकल गई।
ट्विटर पर एक यात्री ने इसकी शिकायत की तो जब तक रेलवे पुलिस हरकत में आई, तब तक ट्रेन अलीगढ़ के आउटर पर पहुंच चुकी थी। ट्रेन के स्टेशन पर रुकने पर रेलवे पुलिस ने जांच पड़ताल की और ट्रेन को रवाना कर दी गई।
रेलवे स्टेशन के आउटर पर अक्सर ट्रेनों की रफ्तार सामान्य से कम कर दी जाती है। ट्रेन के यात्रियों के मुताबिक गुरुवार की देर शाम लखनऊ से दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस 12003 पर इटावा निकलते ही अचानक पथराव किया।
इस दौरान पत्थर सी-वन बोगी के सीट नंबर 49 पर बैठे यात्री के बगल के शीशे पर लगे, जिससे शीशा चकनाचूर हो गया। पथराव होते देख बोगी के अंदर बैठी महिलाओं, बच्चियों व अन्य लोगों की चीख निकल गई। वह डर के मारे भयभीत हो गए। पथराव में ही बोगी का एक शीशा भी टूट गया।
कुछ यात्रियों ने तुरंत ही पूरी घटना रेलवे कंट्रोल को ट्विटर के जरिये बताई। पुलिस को जब जानकारी मिली, तब तक ट्रेन अलीगढ़ तक पहुंच गई। यहां जब ट्रेन रुकी और पुलिस ने बोगी में बैठे अन्य यात्रियों से बात की तो वह सहमे हुए थे।
रेलवे पुलिस ने पूरा घटना क्रम समझा तब तक ट्रेन के चलने का समय हो गया। रेलवे पुलिस के मुताबिक उन्हें पत्थर फेंकने से ट्रेन की सी वन बोगी के शीशा टूटने की बात बतायी गई है। जीआरपी इंस्पेक्टर विजय कुमार ने इस प्रकरण की पुष्टि की है।