क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
महानगर के सासनी गेट चौराहा पर शुक्रवार तड़के एक टाटा पिकअप चालक-परिचालक से पुलिस की वर्दी में आए दो बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। गाड़ी चालक के अनुसार बदमाशों ने सिर पर पिस्तौल लगा दस हजार की नगदी और परिचालक से मोबाइल और पर्स लूट लिए। चालक के अनुसार पुलिस को जब घटना की जानकारी दी तो मौके पर कोई नहीं पहुंचा। साथ ही थाने में बिना तहरीर लिए ही लौटा दिया।
विनोद कुमार (33) निवासी मोहल्ला ज्ञान लोक कालोनी, शहर कोतवाली, बुलंदशहर ने बताया कि वह बुलंदशहर के देवी पुरा निवासी राहुल अग्रवाल की फैक्ट्री में काम करता है। फैक्ट्री से शौचालय साफ करने के सामान की सप्लाई होती है। गुरुवार रात को टाटा पिकअप गाड़ी में शौचालय साफ करने का सामान लादकर परिचालक खालिद निवासी विसा कालोनी, भूढ, बुलंदशहर के साथ अलीगढ़ आया था। यहां सासनी गेट स्थित बांके बिहारी प्रोविजन स्टोर पर माल को उतारना था। रात में गाड़ी लेकर लगभग 2 बजे यहां पहुंच गया।
सासनी गेट स्थित तोमर धर्मकांटा के सामने गाड़ी खड़ी कर सो गया था। सुबह लगभग 4:30 बजे दो बदमाश पुलिस की वर्दी में आए। उन्होंने शीशा खुलवाकर एकदम से पिस्तौल तान लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस स्तर से मदद न मिलने पर वह बुलंदशहर लौट गया।