क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू में रहकर पढ़ाई के दौरान हॉस्टलों में चोरी करता फिर रहा एक सहारनपुर का रहने वाला स्नातक छात्र पुलिस ने दबोच लिया है।
छात्रों द्वारा दबोचकर दिए गए इस आरोपी छात्र ने बताया कि वह दो स्थानीय युवकों की मदद से कैंपस में चोरी करता फिर रहा था। उससे चोरी का मोबाइल आदि माल भी बरामद हुआ है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस विनोद कुमार के अनुसार एसएस नार्थ में रहकर बीएस प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहे शहबाज अली पुत्र शाहिद निवासी गांव पांडौली थाना नांगल सहारनपुर को अल्लामा इकबाल हॉल से मौके से चोरी करते पकड़ा गया।
उसके पास से एक मोबाइल आदि सामान बरामद हुआ। इस दौरान उसके साथी अरसलान निवासी जकरिया मार्केट व आदिल निवासी जमालपुर सिविल लाइंस मौके से भाग गए।
शहबाज के अनुसार उनके पास चोरी का अन्य सामान है। अब पुलिस उनकी तलाश में है। शहबाज ने यह भी स्वीकारा कि वह रात में इसी तरह चोरी करते फिरते हैं।
अल्लामा इकबाल हॉल के पास फायरिंग
एएमयू के अल्लामा इकबाल हॉल के पास बाइक सवार तीन युवक फायर कर फरार हो गए। इससे प्रॉक्टोरियल टीम की भाग दौड़ बढ़ गई है। फायरिंग की घटना शुक्रवार शाम की है।
प्रॉक्टोरियल टीम के सूत्रों का कहना है कि गुरुवार को हॉल में एक युवक को चोरी के आरोप में पकड़ा गया था, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। आशंका जताई जा रही है कि इसी मामले को लेकर किसी ने फायर कर धमकाने की कोशिश की है।