न्यूज क्राइम, अमर उजाला, अलीगढ़
महानगर में बाइकर्स गैंग बेखौफ होकर आए दिन सड़क चलते लोगों को लूट का शिकार बना रहा है। स्वर्ण जयंती नगर में आईपीएस की भतीजी के साथ हुई लूट के बाद एक बाइक पर सवार दो लोगों ने एटा चुंगी पर पति के साथ बस का इंतजार कर रही महिला से चेन लूट ली। महिला के गले पर झपट्टा मार सोने की चेन तोड़कर तेजी से फरार हो गए। महिला की चीख-पुकार पर भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। मगर, तब तक बाइक सवार लुटेरे वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
सुमन पत्नी कालीचरन निवासी एटा बस स्टैंड, एटा गुरुवार को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए पति के साथ महानगर की एटा चुंगी पर आई थी। रात लगभग 10:30 बजे समारोह के समापन के बाद एटा लौटने के लिए पति के साथ एटा चुंगी पर खड़े होकर बस का इंतजार कर रही थी। इस बीच महिला अपने फोन को चलाने में व्यस्त थी।
इसी बीच एक बाइक पर दो बदमाश सवार होकर आए। उन्होंने महिला के गले पर झपट्टा मार चेन तोड़ ली। सुमन ने बताया कि लूट के बाद बाइक सवार तेजी से फरार हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी। हालांकि वहां इस मामले में तहरीर नहीं दी है।