क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के क्वार्सी क्षेत्र के चंदनिया इलाके में स्थित ससुराल में गुरुवार की शाम मुजफ्फरनगर के युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। युवक इस बात से गुस्से में आ गया था कि पत्नी उसके साथ तत्काल ससुराल जाने की तैयार न थी। इस सूचना पर पहुंची क्वार्सी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
घटनाक्रम के अनुसार मुजफ्फरनगर के बढ़ाना के 28 वर्षीय पंकज सैनी की चंदनिया निवासी रूबी से शादी हुई थी। उसकी पत्नी रक्षाबंधन पर मायके आ गई थी। वह उसे गुरुवार को लेने पहुंचा। उसकी पत्नी ने यह कहकर साथ चलने से इंकार कर दिया कि गुरुवार को जाते नहीं हैं। अब वह शुक्रवार को जाएगी।
इसे लेकर दंपती में बहस हो गई और पत्नी किसी भी हद पर जाने को तैयार नहीं हुई। इसी बात से गुस्से में आकर उसने कमरे में जाकर खुद को फांसी लगा ली। जब खबर लगी तो ससुरालियों के पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। परिजनों को सूचित कर दिया है। आगे की कार्रवाई उनके आने पर होगी।