क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जवां क्षेत्र की एक किशोरी को गैर समुदाय का युवक फुसलाकर पश्चिम बंगाल ले गया है। बीस दिन बीतने पर भी कोई कार्रवाई न होने पर पीड़ित फरियादी संग गुरुवार को पूर्व मेयर शकुंतला भारती जब एसपी देहात से मिलने उनके कार्यालय में पहुंचीं तो वहां उनकी एसपी देहात से जमकर नोकझोंक हो गई।
बात इतनी थी कि एकाएक भीड़ संग आने पर एसपी देहात ने टोक दिया था। इसी पर पूर्व मेयर बिफर गईं। हालांकि बाद में वहां से निकलकर पूर्व मेयर एसएसपी से मिलीं और पूरा वाकया बताया। एसएसपी ने उन्हें ठोस कार्यवाही का भरोसा दिलाया और कहा कि एक टीम पश्चिम बंगाल भेजकर किशोरी को बरामद कराया जाएगा।
वाकया इस तरह है कि कासिमपुर जवां की किशोरी वहां सहजाद निवासी दीनापुर पश्चिम बंगाल के कासिमपुर में ही संचालित कोचिंग में पढ़ती थी। आरोप है कि बीस दिन पहले जब छात्रा कॉलेज जा रही थी तो सहजाद उसे बस से उताकर कर फुसलाकर अगवा कर ले गया। इस मामले में मुकदमा तो दर्ज हो गया।
मगर बरामदगी को लेकर पुलिस स्तर से ठोस कदम नहीं उठाया गया। चूंकि मसला गैर समुदाय के युवक से जुड़ा है। इसलिए पीड़ित परिवार व कुछ अन्य हिंदुवादियों संग पूर्व मेयर शकुंतला भारती एसएसपी दफ्तर पहुंचकर वहां अपने कमरे में बैठे एसपी देहात के पास पहुंच गईं।
उनके साथ भीड़ व कुछ मीडियाकर्मी भी घुसे चले गए। एकाएक भीड़ देख एसपी देहात ने टोक दिया तो मैडम बिफर गईं और दोनों में नोकझोंक हो गई। इसके बाद मैडम वहां से निकलकर एसएसपी से मिलने पहुंचीं। एसएसपी ने पूरा मामला समझकर पहले तो मैडम को शांत किया।
फिर पीड़ित पक्ष की मदद के लिए एक टीम पश्चिम बंगाल भेजने के निर्देश दिए। तब मैडम वापस लौटीं। इस मामले में पूर्व मेयर ने एसपी देहात पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। वहीं एसपी देहात का कहना है कि एकाएक भीड़ उनके कमरे में आ गई। कुछ लोग तो उनकी कुर्सी तक पहुंच गए थे। बस उनको टोकने पर मैडम बिगड़ गईं।