क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
लूट का शिकार हुई महिला ने आरोपियों की बाइक पहचानकर उन्हें सलाखों के पीछे तो पहुंचा दिया, लेकिन पुलिस छह दिन में लूट का माल बरामद नहीं कर पाई है।
इससे पहले शिनाख्त के लिए जब महिला थाने पहुंची तो हवालात में बंद आरोपियों ने उसे जमानत पर छूटकर आने पर देख लेने के धमकी दे डाली। इससे महिला और उसका परिवार दहशत में है। पीड़िता ने एसएसपी को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया है।
अमीर निशां में दुकान चलाने वाले दानिश खान की पत्नी परवीन दानिश के अनुसार 20 अगस्त की रात को वह अपनी बेटियों के साथ स्कूटी से सर सैय्यद नगर स्थित घर लौट रही थी।
रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे तमंचा दिखाकर रोक लिया और 10 हजार की नकदी, सोने की चेन व मोबाइल लूट लिए। लूटपाट के बाद बदमाश भागने लगे तो पीड़ित ने उनकी बाइक का नंबर नोट कर लिया। बाइक के आधार पर उसने बदमाशों की शिनाख्त की और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
इतना होने के बाद भी सिविल लाइंस पुलिस हाथ पर हाथ रखे बैठे रही। पीड़ित ने स्वयं मेहनत की और आरोपियों को भी गिरफ्तार कराया। पीड़ित का कहना है कि थाने में जब वह बदमाशों की शिनाख्त के लिए पहुंची तो खाकी के सामने ही दोनों आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद भी पुलिस ने कुछ नहीं किया। इतना ही नहीं वारदात के छह दिन बीतने के बाद भी पुलिस अभी तक माल बरामद नहीं कर पाई है। एसएसपी ने मामले की जांच के बाद कार्यवाही का आश्वासन दिया है।