क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के क्वार्सी इलाके के रावण टीला में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक बाइक सवार युवक पर दूसरी बाइक पर पीछे से आ रहे दो लोगों ने फायर कर दिया। गनीमत रही की गोली बाइक की सीट में जा धंसी गोली चलने की आवाज से राहगीर सहम गए। इधर, हमलावर खुद के घिरने के डर से मौके से फरार हो गए। बाइक सवार युवक ने थाना क्वार्सी पुलिस को मामले में तहरीर दी है। पड़ोसी पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है।
दिनेश कुमार पुत्र रामबाबू शर्मा क्वार्सी इलाके की ज्वालापुरी मोहल्ला में रहता है। युवक टेलीकॉम कंपनी में नौकरी करता है। युवक का आरोप है कि उसका एक पड़ोसी दबंग किस्म का है। 22 अप्रैल को बेटी को छोड़ने मैं उसके स्कूल जा रहा था। रास्ते में पड़ोसी से बाइक टकराने पर मारपीट हो गई।
उसने पुलिस से शिकायत कर शांतिभंग में पाबंद करा दिया। इसी बात की रंजिश मानते हुए शुक्रवार को भी उसने हमला कराया है। मामले में क्वार्सी पुलिस को तहरीर दी है। क्वार्सी इंस्पेक्टर के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। बाइक की सीट से बुलेट मिली है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।