नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। वार्डों का परिसीमन पूरा होने के साथ ही आरक्षण तय करने की प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच गई है। जिलाधिकारी की ओर से वार्डों के पुराने आरक्षण एवं इस चुनाव के लिए प्रस्तावित आरक्षण की सूचना शासन शुक्रवार को भेजी जाएगी। इसके आधार पर ही निकायों के वार्डों में आरक्षण तय किया जाएगा।
उधर, मतदाता सूचियों में नाम दर्ज कराने को तमाम दावेदार नगर निगम, कलेक्ट्रेट स्थित चुनाव कार्यालय, तहसील और बीएलओ के पास चक्कर काट रहे हैं। वे अंतिम दौर तक मतदाता सूची में अपने समर्थक मतदाताओं के नाम बढ़वाने को जुगाड़ तलाशने के साथ ही हरेक हथकंडा अपना रहे हैं। हालांकि अधिकांश दावेदारों की निगाहें घोषित होने वाले वार्डों के आरक्षण पर सबकी निगाहें लगी हुई हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि सात नवंबर तक ड्राफ्ट के रूप में प्रकाशित निर्वाचक नामावली का निरीक्षण करने के साथ ही दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। आठ से 12 नवंबर तक प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। 14 से 17 नवंबर के मध्य दावे और आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत पूरक सूचियां तैयार करने की कार्रवाई की जाएगी। 18 नवंबर को अंतिम रूप से तैयार निर्वाचक नामावली का जनसामान्य के लिए प्रकाशन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि किसी भी परिस्थिति में समय सीमा को नहीं बढ़ाया जाएगा।