राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्व विद्यालय में हो रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने पहुचे
- फोटो : संवाद
राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के पहले चरण का निर्माण कार्य जून तक पूरा कराने का लक्ष्य है। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने सोमवार को यहां का निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति देखी। कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि निर्माण कार्य 87.96 करोड़ की लागत से प्रगति पर है। कुल भूमि का क्षेत्रफल 400.351 एकड़ है, जिसमें प्रथम चरण में 22.34 एकड़ में निर्माण हो रहा है।
डीएम को प्रशासनिक भवन के तृतीय तल की छत का कार्य पूर्ण एवं चतुर्थ तल के कॉलम और कुछ अन्य कार्य होते मिले। शैक्षणिक भवन, महिला छात्रावास, सुविधा केंद्र, डाकघर, बैंक, जलपान गृह, स्वास्थ्य केंद्र, रखरखाव कार्यालय, पुलिस चौकी, कर्मचारी क्वार्टर, वाहन गैरेज, गार्ड रूम का आरसीसी का कार्य होते हुए मिला। कुलपति आवास का कार्य प्रगति पर है। विद्युत सब स्टेशन का काम अभी शुरू नहीं हुआ है।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को जून तक निर्माण पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कुलपति प्रो. चंद्रशेखर, कार्यदायी संस्था से इंद्रपाल सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग एसडी आर्या, सहायक अभियंता अरविंद सिंह, दिशा अग्रवाल आदि विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।