गंगीरी थाना क्षेत्र के एक गांव से चार दिन पूर्व एक किशोरी लापता हो गई थी। पिता उसकी तलाश में परेशान हैं। रविवार को पीड़ित पिता के पास किसी ने पुलिस का दरोगा बन कर फोन किया। फोन करने वाले ने कहा कि 20 हजार रुपये लेकर थाने आ जाओ बेटी मिल जाएगी, लेकिन जब पिता थाने पहुंचे तो पता चला कि किसी ठग ने फोन किया था।
किशोरी चार दिन पहले 31 जुलाई को एक युवक के साथ लापता हो गई थी। पिता ने थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी।रविवार सुबह आठ बजे पीड़ित पिता के पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को दरोगा बताते हुए कहा कि 20 हजार रुपये लेकर तुरंत गंगीरी थाने आ जाओ। तुम्हारी बेटी तुमको मिल जाएगी। यह सुन कर पिता को लगा कि उसकी बेटी मिल जाएगी। रुपयों का इंतजाम तो नहीं हुआ लेकिन वह पत्नी के साथ थाने पहुंचा गया।
थाने पहुंच कर पीड़ित पिता ने पुलिस को पूरा मामला बताया। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने पूरा मामला सुनने के बाद कहा कि थाने से कोई फोन नहीं किया गया है। किसी ठग ने उनको फोन किया है। इसके बाद पुलिस ने फोन नंबर को सर्विलांस पर लगवा कर इसकी जांच कराने का भरोसा दिलाया। पुलिस ने कहा कि जल्द ही लापता किशोरी को तलाशा जाएगा। गौर हो कि किशोरी छह माह पूर्व भी अचानक चली गई थी, लेकिन एक दिन बाद वापस आ गई थी।