अलीगढ़ के सासनी गेट क्षेत्र में कोचिंग जाते समय छात्रा संग मनचले ने हरकत कर दी। उसके साथ छेडख़ानी करते हुए हाथ खींच लिया। बाद में शोर पर एकत्रित भीड़ ने आरोपी को पकड़कर जमकर धुना और पुलिस के हवाले कर दिया।
पला इलाके की छात्रा के पिता ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी बेटी बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है। बुधवार को कंप्यूटर कोचिंग से लौटते समय युवक ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। छात्रा के अनुसार पिछले दस बारह दिन से युवक पीछा कर रहा था।
उसने छींटाकशी करते हुए हाथ पकड़कर खींच लिया। इस पर बेटी ने शोर मचाया और पब्लिक जमा हो गई। बाद में उसे पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी डोरी नगर के लोकेश को पुलिस ने मुकदमे के आधार पर जेल भेज दिया है।