गंगीरी ब्लॉक की दादों ग्राम पंचायत के तेज प्रकाश सोमवार को गांव के ग्रामीणों के साथ डीएम इंद्र विक्रम सिंह से कलक्ट्रेट में मिले। उन्होंने डीएम से डीपीआरओ कार्यालय से पत्नी हेमलता को प्रधानी का प्रमाण पत्र दिलवाने की मांग की।
तेज प्रकाश ने बताया कि वर्तमान प्रधान रामेश्वर को भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित कर दिया गया था। तीन अक्तूबर को ग्राम पंचायत में नए प्रधान चुने जाने की घोषणा हुई। एडीओ पंचायत की मौजूदगी में प्रधान चुनने के लिए पंचायत सदस्यों की ग्राम पंचायत में बैठक हुई।
इसमें 10 सदस्यों ने उनकी पत्नी को निर्विरोध प्रधान चुन लिया है, लेकिन अब तक उन्हें प्रधानी का प्रमाण पत्र नहीं दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षियों के साथ डीपीआरओ कार्यालय से जुड़े हुए कर्मचारी भी मिले हुए हैं।
वह अन्य किसी व्यक्ति को ग्राम प्रधान बनाना चाहते हैं, पूर्व में भी प्रधान चुनने के लिए कई बैठक प्रस्तावित हुई थीं, लेकिन विपक्षियों के ही चलते यह बैठक नहीं हो पाई थीं। डीएम ने जांच कराने का भरोसा दिलाया है।