केंद्र व प्रदेश सरकार के जल जीवन मिशन कार्यक्रम की जमीनी हकीकत जानने शुक्रवार को जल शक्ति मंत्रालय के दो वरिष्ठ विशेषज्ञों की टीम अलीगढ़ पहुंची।
टीम ने हर घर नल योजना में चयनित ग्राम पंचायतों, पूर्ण संतृप्त, अर्द्ध संतृप्त एवं कार्य प्रारंभ किए जाने वाली पंचायतों का दौरा किया। ग्राम पंचायत अमरौली, पड़ियावली, भीमपुर इब्राहिमपुर में चल रहे कार्य की प्रगति को देखा। यहां उन्होंने ग्राम पंचायत जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों से जल जीवन मिशन कार्यक्रम के बारे में जानकारी लेते हुए सहभागिता निभाने की अपील की। समिति के संजय शर्मा एवं ग्राम विकास अधिकारी देशराज गिरि ने बताया कि जल जीवन मिशन कार्यक्रम में ग्रामीण भरपूर सहयोग कर रहे हैं।
सहायता एजेंसी के रूप में कार्यरत उड़ान सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. ज्ञानेंद्र मिश्रा ने टीम को कार्ययोजना की जानकारी देने के साथ बताया कि समिति द्वारा चयनित पांच महिलाओं को पेयजल गुणवत्ता जांच से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया है। अधिशासी अभियंता मो. इमरान ने ग्रामवासियों की शंकाओं का समाधान करते हुए बताया कि उनके ग्राम की डीपीआर का अनुमोदन शासन स्तर से प्राप्त हो गया है। टीम प्रभारी डॉ. रमेश चंद्र ने बताया कि ग्रामीण बस्तियों के प्रत्येक परिवार को वर्ष 2024 तक पाइप लाइन के माध्यम से शुद्ध पानी उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। टीम में शामिल डॉ. रमेश चंद्र और हरी रामपाल सिंह, जल निगम के अधिशासी अभियंता ग्रामीण मो. इमरान, सहायक अभियंता कैलाश सैनी, जेई हेमंत राजपूत, निर्माण एजेंसी ऑयन एक्सचेंज के पीडी प्रदीप गुप्ता, डीपीएमयू के ईश्वर वायंकर, मो. सलमान एवं राहुल यादव शामिल थे।