दो मार्च की सुबह ग्राम पंचायत कासिमपुर खुशीपुरा के मजरा नगला ताराचंद में घरों में करंट प्रवाहित होने से कई लोगों के झुलसने के मामले में जेई और एसडीओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। इस हादसे में घायल एक लड़की का इलाज के दौरान जेएन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों को हाथ काटना पड़ा है।
गांव में हाईटेंशन का लाइन तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया था। इससे कई घरों में बिजली से चलने वाले उपकरण फुंक गए थे। करंट की चपेट में आने से नीतू उर्फ निशा पुत्री महावीर सिंह, श्यामलाल पुत्र हरनारायण, पवन पुत्र नाहर सिंह झुलस गए थे। जेएन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर नीतू का हाथ काटा था। नीतू के भाई रिंकू कुमार की ओर से मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
उन्होंने बताया कि बिजली की जर्जर लाइनों के संबंध में एसडीओ शत्रुघ्न चौहान और जेई जय किशन को कई बार प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन लाइन सही नहीं करवाई गई। विभागीय लापरवाही की वजह से हादसा हुआ। घटना के समय भी विभागीय अधिकारियों को फोन कर सूचना दी गई लेकिन उनकी ओर से कोई उचित कदम नहीं उठाया गया।