रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव जिजौड़ा डांडा में बच्चों के बीच हुए विवाद में 1 फरवरी की शाम पांच बजे एक पक्ष के दरी विक्रेता शाकिर (47) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। गांव में एहतियाती तौर पर पुलिस तैनात कर दी गई है। शाकिर के साले अनवार ने बताया कि उनके जीजा शाकिर करीब 20 वर्ष से गांव में रहे हैं। वह मूलरूप से अलीगढ़ की तहसील अतरौली अंतर्गत गांव दादो के रहने वाले थे।
1 फरवरी शाम को शाकिर के बच्चों का पड़ोस के बच्चों से विवाद हो गया था। किसी ने बीच-बचाव करा दिया। कुछ देर के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें शाकिर गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव के निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे तो मृत घोषित कर दिया। बताया कि उसके जीजा गांव-गांव जाकर दरी बेचने का काम करते थे। परिवार में पत्नी किश्वर जहां के अलावा तीन बेटे और चार बेटियों को छोड़ गए हैं। परिजनों का रोरो कर बुरा हाल है। थाना प्रभारी अमृत लाल ने बताया कि मृतक के साले की तहरीर पर गांव जिजौडा डांडा निवासी वारिस, इदरीश, मक्को, इन्ना और शरीफा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के शाकिर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। जिसमें शाकिर को गंभीर चोट लगी थी। अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। आरोपी पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एक व्यक्ति हिरासत में लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। - डॉ. श्रीश्चंद्र, एएसपी, संभल