लोधा थाना क्षेत्र के अलीगढ़-पलवल राजमार्ग पर मंगलवार शाम 3:15 बजे के करीब खेरेश्वर धाम मंदिर गेट के सामने तेज रफ्तार से आ रहे कैंटर ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई रिक्शा में सवार एक महिला की मौत हो गई, महिला की दो बेटियों सहित ई रिक्शा चालक घायल हो गए। भाग रहे कैंटर चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
थाना दिल्ली गेट क्षेत्र की कनवरी गंज निवासी 42 वर्षीय महिला अलका रानी वार्ष्णेय पत्नी अनिल कुमार वार्ष्णेय अपनी दो बेटियों कुमारी सोनम व कुमारी सोनाली के साथ अपने घर से ई रिक्शा में सवार होकर खेरेश्वर धाम मंदिर में चल रहे भण्डारे में शामिल होने जा रही थी। जैसे ही ई रिक्शा खेरेश्वर धाम मन्दिर के गेट पर पहुंचा, तभी खैर की तरफ से आ रही एक कैन्टर ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। ई रिक्शा सवार महिला की मौके पर मौत हो गई और उसकी दो बेटियों समेत ई रिक्शा चालक रामरतन पुत्र नन्नू निवासी कुंजलपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर मार कर भाग रहे कैंटर चालक को भीड़ ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। घटना की खबर पर पहुंची लोधा पुलिस ने घायल दो बेटियों को जेएन मैडीकल कालेज में भर्ती कराया और घायल ई रिक्शा चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। महिला के मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।