खेरेश्वर चौराहा दिल्ली हाईवे स्थित दरौना इंटरनेशनल स्कूल में राम मनोहर लोहिया हॉस्पीटल की स्टाफ
- फोटो : अमर उजाला
द्रोण इंटरनेशनल स्कूल में बने परीक्षा केंद्र पर अव्यवस्थाओं से गुस्साए डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान लखनऊ की स्टाफ नर्स की भर्ती की परीक्षा के अभ्यर्थियों ने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। हंगामे के बाद परीक्षा निरस्त कर दी गई।
बृहस्पतिवार की सुबह 10 बजे नर्स स्टाफ भर्ती की परीक्षा के लिए केंद्र पर अभ्यर्थी पहुंचे। केंद्र पर परीक्षा जैसा माहौल नहीं दिखा। परीक्षा से बाहर न तो अभ्यर्थियों का सत्यापन किया गया और न ही रोल नंबर दीवार पर चस्पा था। कंप्यूटर की भी हालत ज्यादा ठीक नहीं थी और माउस भी गायब थे। परीक्षा केंद्र पर अव्यवस्था देखकर अभ्यर्थियों में आक्रोश पनप गया। परीक्षा केंद्र से निकलकर वह जीटी रोड पर आ गए और जाम लगा दिया।
करीब 20-25 मिनट जाम लगा रहा। जाम की खबर पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को समझाकर शांत कराया। एक अभ्यर्थी ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर काफी अव्यवस्थाएं थीं। इसके बाद केंद्र व्यवस्थापक से जानकारी चाही, तो उन्होंने देने से मना कर दिया। स्कूल का स्टाफ वहां से चला गया। इस संबंध में स्कूल के संचालक से बात की गई, तो उन्होंने इस प्रकरण में कुछ भी बताने से मना कर दिया और स्वयं को बाहर होना बताया।
40 कंप्यूटर, अभ्यर्थी 200
परीक्षा केंद्र पर 40 कंप्यूटर थे, जबकि 200 अभ्यर्थी परीक्षा देने आए थे। पर्याप्त कंप्यूटर और अव्यवस्थाओं को देखते ही अभ्यर्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। स्कूल प्रशासन ने परीक्षा कराने में खुद का असहाय पाया।
संस्थान के निदेशक से शिकायत, परीक्षा निरस्त
ऑल इंडिया रजिस्टर्ड नर्सेज फेडरेशन के राष्ट्रीय सचिव मनीष मिश्रा ने द्रोण इंटरनेशनल स्कूल सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था की शिकायत संस्थान की निदेशक डॉ. सोनिया नित्यानंद से की। मनीष ने बताया कि कई परीक्षा केंद्रों पर नकल भी हुई है। उन्होंने कहा कि इसके बाद निदेशक ने सात परीक्षा केंद्रों की परीक्षाएं निरस्त कर दीं, जिसमें द्रोण इंटरनेशनल स्कूल भी शामिल है।