बसपा नेता व पूर्व में मेयर प्रत्याशी सलमान शाहिद को एक बार फिर धमकी मिली है। उन्हें रजिस्टर्ड डाक से मैनपुरी के आशु यादव के नाम से धमकी भरा खत मिला है, जिसमें रंगदारी नहीं देने पर हत्या की धमकी दी गई है। सिविल लाइंस थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज हुई है। अहमद नगर दोदपुर सिविल लाइंस निवासी सलमान के अनुसार सोमवार दोपहर उनके आवास पर डाक के जरिये दो पत्र आए।
एक पत्र अन्य काम से संबंधित था, जबकि दूसरा पत्र मैनपुरी आवास विकास के किसी आशु यादव के नाम से उनको संबोधित था। बंद लिफाफे में एक टाइप पत्र मिला। जिसमें गालियों के साथ लिखा कहा गया कि तुम्हारे पास समाजसेवा के लिए धन है। मगर हमारी बात नहीं मान रहे हो।
अगर रंगदारी नहीं दी तो परिणाम अच्छा नहीं होगा। हत्या की धमकी देते हुए लिखा गया कि.. हमारे आदमी नजर रखे हुए हैं। आगे जल्द ही जगह बताकर रुपया भेजने की बात लिखी थी। सलमान ने सिविल लाइंस थाने में इसकी तहरीर दी। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस राजीव कुमार के अनुसार इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जांच की जा रही है।
पहले भी मिली हैं धमकियां, हुआ था हमला
ये पहला वाकया नहीं है। इससे पहले वर्ष 2018 में सलमान पर सहावर कासगंज में हमला हुआ था। उसका मुकदमा वहीं दर्ज हुआ था। इसी तरह एक अन्य धमकी का मामला उन्होंने सिविल लाइंस में ही दर्ज कराया था। उस समय भी रंगदारी को लेकर ही ये सब हुआ था।
-कुछ राजनीतिक व असामाजिक लोग जो मेरी जनसेवा व सक्रियता के कारण विद्वेष रखते हैं। उनके द्वारा पिछले कई वर्ष से मुझे नुकसान पहुंचाया गया है। पूर्व में भी इस तरह की हरकत हुई है। इस तरह की धमकियों से मैं घबराने वाला नहीं हूं। मैं न्याय और मदद के लिए हर मजबूर के साथ हूं। उसकी लड़ाई को कमज़ोर नहीं होने दिया जाएगा।-सलमान शाहिद, बसपा नेता