आप, सपा के बाद बसपा ने भी यूपी नगर निकाय चुनाव में अलीगढ़ से अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। बसपा ने सलमान साहिद को अलीगढ़ नगर निगम के लिए महापौर पद का प्रत्याशी बनाया है।
बसपा के जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्रा ने इसकी घोषणा की।
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव बाबू मुनकाद अली, अलीगढ़-कानपुर मंडल के मुख्य प्रभारी सूरज सिंह ने सलमान साहिद को अलीगढ़ महापौर पद का प्रत्याशी घोषित किया। जिसकी सूचना मीडिया को विज्ञप्ति के माध्यम से बसपा जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्रा ने दी। जिसमें उन्होंने कहा कि बसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अलीगढ़ नगर निगम के महापौर पद का प्रत्याशी सलमान साहिद को घोषित किया है।
बसपा से महापौर प्रत्याशी सलमान साहिद ने आज ही सपा को छोड़कर बसपा की सदस्यता ली और पार्टी ने आज ही उन्हें महापौर की टिकट थमा दी। सपा ने विधानसभा चुनाव में सलमान साहिद को कोल से टिकट दी थी। बाद में पार्टी ने सलमान साहिद का टिकट काट कर कोल से अज्जू इशहाक को अपना प्रत्याशी बना दिया था। इस पर सलमान साहिद नाराज थे। सपा और बसपा के प्रत्याशी की घोषणा के बाद अब कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी घोषित करने पर विचार कर रही है। 16 या 17 अप्रैल को कांग्रेस-भाजपा को अपना प्रत्याशी घोषित कर सकती है।
टिकट मिलने पर हर्ष
बसपा से सलमान साहिद को महापौर प्रत्याशी बनाने पर अलीगढ़ मंडल मुख्य प्रभारी अशोक सिंह एड, मंडल जोन इंचार्ज सुरेश गौतम, जितेंद्र कुमार राही, बच्चू सिंह एड, ओम प्रकाश, इंजी कमल सिंह, मूलचंद् बघेल, किशोर कांत, रतनदीप सिंह, दिनेश बघेल, मुकीम कुरैशी, अनिल शर्मा, मौ बिलाल, शिवकुमार शास्त्री आदि ने हर्ष व्यक्त किया।