अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के दो इंजीनियरिंग छात्रों के बीच हुई मारपीट के मामले में दोनों छात्र शनिवार को अनुशासन समिति के समक्ष जवाब देने नहीं पहुंचे। एक तरफ रहवर दानिश ने समय मांग लिया, जबकि साहिल की ओर से भी यही संदेश भिजवाया गया। अब सोमवार को उन्हें बुलाने के लिए फिर से नई तारीख नियत की जाएगी।
तीन अक्तूबर को सुलेमान हॉल में हुई मारपीट की इस घटना में दोनों ओर से आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा, साहिल की ओर से अनर्गल आरोप लगाकर मुद्दे को तूल दिया गया। हालांकि पुलिस जांच में आरोप झूठे पाए गए, मगर एएमयू इंतजामिया ने इस मामले में दोनों को नोटिस भेजकर शनिवार दोपहर में अनुशासन समिति के समक्ष पेश होने के लिए कहा था, जिसमें वे अपना जवाब दाखिल करते कि उनमें झगड़ा क्यों हुआ था।
रहवर ने एएमयू को पत्र लिखा है कि अभी वह मानसिक रूप से जवाब देने की स्थिति में नहीं है। इसलिए उसे समय दिया जाए। इसी तरह का संदेश साहिल की ओर से भिजवाया गया है। इसे लेकर अब एएमयू इंतजामिया की ओर से तय किया गया है कि सोमवार को फिर से समय नियत कर दोनों को बुलाने का संदेश भेजा जाएगा।
साहिल नहीं छोड़ेगा जिला, रहवर होगा कोर्ट में हाजिर
दोनों ओर से दर्ज मुकदमे के आधार पर दोनों पर धारा 41 ए के तहत नोटिस दिए गए हैं। इसके बाद दोनों को शर्त के आधार पर छोड़ा गया है। शर्त है कि साहिल इस दौरान विवेचना में सहयोग करते हुए जिला नहीं छोड़ेगा। कभी भी बुलाए जाने पर थाने आएगा और पूछताछ में सहयोग करेगा। इसी तरह रहवर को भी थाने आना होगा। साथ में जिस न्यायालय से शांति भंग में जमानत मिली है। उस न्यायालय में प्रत्येक तारीख पर हाजिर होना होगा।