पुलिस भर्ती परीक्षा रद्द कराने की मांग को लेकर हंगामा करते अभ्यर्थी। संवाद
- फोटो : Samvad
दो दिन चली पुलिस भर्ती परीक्षा में धांधली का आरोप लगाते हुए मंगलवार को अभ्यर्थियों ने नारेबाजी करते हुए खैर-इगलास मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे बाद जाम खुल सका। उधर अभ्यर्थियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन इगलास तहसीलदार सौंपा।
मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे युवाओं की टोली हाथों में नारे लिखे तख्तियां लेकर और नारेबाजी करते हुए खैर-इगलास मार्ग पर बस स्टैंड के समीप सड़क पर बैठ गए। इससे सड़क पर दोनों ओर वाहनाें की लंबी कतारें लग गई। जाम की सूचना पर कोतवाल बृजेश कुमार सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवाओं को समझाने का प्रयास किया।
इस दौरान युवाओं ने पुलिस भर्ती परीक्षा में धांधली का आरोप लगाया। कहा कि चारों पालियों में हुई परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक कर दिए गए, जिससे मेहनती युवाओं के भविष्य के लिए संकट पैदा हो गया है। करीब एक घंटे तक समझाने के बाद यह युवा माने और जाम खुल सका। बाद में यह युवा गांधी स्मारक पार्क में एकत्रित हो गए, जहां इगलास तहसीलदार उदयवीर सिंह पहुंच गए। युवाओं ने पुलिस भर्ती परीक्षा रद्द कर पुन: परीक्षा कराने की मांग करते हुए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उन्हें सौंपा।