घमासान के डर से वेट एंड वाच की स्थिति में भाजपा
अलीगढ़ (ब्यूरो)। दूसरे, तीसरे एवं चौथे चरण के प्रत्याशियों की घोषणा करने से भारतीय जनता पार्टी ने पैर वापस खींच लिए है। इसका एक महत्वपूर्ण कारण आज पंचायत चुनाव को लेकर न्यायालय में होने वाली सुनवाई को माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि न्यायालय का फैसला आने के बाद ही पार्टी नामों की घोषणा की जाएगी। यह भी आशंका है कि घोषणा के बाद टिकट नहीं मिलने से नाराज कार्यकर्ता बगावत न कर दे। शनिवार देर रात आगरा में क्षेत्रीय समिति की बैठक में प्रथम चरण के 13 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई। ये प्रत्याशी वार्ड 40 से वार्ड 52 तक के है। इसमें 6 महिला प्रत्याशी है। वार्ड 40 से सुमित कुमार, 42 से स्नेहलता, 43 से रजनी, 44 से मंगलेश लोधी, 45 से सीमा सिंह पत्नी संजीव सिंह, 46 से सुरेश चंद्र कुशवाह, 47 से अशोक कुमार यादव, 48 से सुरेश बाल्मीकि, 49 से उमा शंकर पप्पू, 50 से हरि किशन खटिक, 51 से रूकेम पाल सिंह एवं 52 से शशि राजपूत को प्रत्याशी घोषित किया गया था। दूसरे, तीसरे एवं चौथे चरण के प्रत्याशियों की घोषणा आज होनी थी। पार्टी नेताओं के बीच चर्चा है कि प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी गई और न्यायालय का फैसला जुदा आया तो विद्रोह को थामना मुश्किल हो जाएगा। जिलाध्यक्ष इस संबंध में चुप्पी साधे हुए है।