टप्पल थाना क्षेत्र के गांव करनपुर में मंदिर में मूर्ति में रंग पोतकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। सूचना पर थाना प्रभारी पंकज मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अपने हाथों से मूर्ति पर लगाए गए रंग को साफ किया। एक ग्रामीण की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
बुधवार की सुबह लोग मंदिर पहुंचे तब मूर्ति में रंग लगा देखकर आक्रोशित हो गए। हिंदू राष्ट्रीय सेना के कार्यकर्ताओं ने बताया कि पूर्व में भी इसी मंदिर में इसी तरह से मूर्तियों पर रंग पोतकर माहौल खराब करने की कोशिश की गई थी। यह दूसरी बार है जब मूर्ति में रंग पोतकर लोगों की भावना से खिलवाड़ और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई है। उन्होंने ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी पंकज मिश्रा ने बताया कि टोना-टोटका करने जैसा मामला लग रहा है। मूर्ति के पास लाल कपड़े में नारियल व प्रसाद मिला है। ग्रामीणों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।