शादी के ग्यारह वर्ष बाद सेना में तैनात पति व ससुरालीजनों द्वारा तीन लाख रुपये मांगने और नहीं देने पर विवाहिता का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। मामले में मथुरा निवासी ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
खैर कोतवाली के गांव सहरोई निवासी मीनेश पुत्री राजकुमार की शादी 28 नवंबर 2011 को थाना नौहझील मथुरा के गांव बरौठ निवासी मनोज कुमार के साथ दान दहेज देकर हुई थी। पति व परिजन इससे संतुष्ट नहीं थे। तीन लाख रुपये की और मांग कर रहे थे।
विवाहिता के परिजनों ने इस पर असमर्थता दिखाई। बीती 11 मई को पति मनोज ने जान से मारने की नीयत से विवाहिता को पीट कर गला दबा दिया। किसी प्रकार से विवाहिता ने कमरे में बंद होकर जान बचाई और फोन कर मायके वालों को बुला लिया। पीड़िता की तहरीर पर पति मनोज कुमार, महेन्द्र सिंह, संतो देवी, विजय, विनीत निवासी बरौठ थाना नौहझील मथुरा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की धारा में अभियोग दर्ज किया गया है। संवाद