हेम विद्या निकेतन खैर में चल रहे सीबीएसई क्लस्टर बास्केटबॉल (बालिका) प्रतियोगिता के फाइनल मैच में आर्मी पब्लिक स्कूल ने रामाज्ञा पब्लिक स्कूल नोएडा को 8 अंकों से हराकर जीत हासिल की। फाइनल मैच में रामाज्ञा पब्लिक स्कूल की छात्रा सोनाली ने बेस्ट प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट का खिताब हासिल किया। दोनों टीमों ने अपना भरसक प्रयास किया।
नगर पालिका अध्यक्ष संजय शर्मा ने मैच देख कर दोनों टीमों का उत्साह वर्धन किया। उन्होंने बेस्ट प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट को अपनी ओर से प्रोत्साहन राशि देकर हौसला अफजाई की। विद्यालय के चेयरमैन मनोज कुमार अग्रवाल ने बच्चों के जुनून की तारीफ की। प्रबंधक कृष्ण कुमार शर्मा ने दोनों टीमों का उत्साहवर्धन कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। मैच खत्म होने के बाद विजयी टीम को ट्राफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। दूसरे स्थान पर रही रामाज्ञा पब्लिक स्कूल टीम को भी ट्राफी व पदक दिया गया।
द्वितीय रनर अप पर रहीं स्टेप बाई स्टेप व डीपीएस नोएडा को भी सम्मानित किया गया। दिल्ली पब्लिक स्कूल खैर के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। स्कूल के प्रबंधक राजेश गोयल, अजय अग्रवाल और प्रधानाचार्य लक्ष्मी ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर सचिव विवेक कुमार शर्मा (पट्टीदार), निर्देशक चिराग अग्रवाल, प्रधानाचार्य सचिन कुमार, सुनील कुमार त्यागी (प्रेक्षक), बली उज्जमा, मुजफ्फर हुसैन (आयोजन सचिव), अमित राज, विष्णु भारद्वाज आदि मौजूद रहे।