एएमयू पुरानी चुंगी पर शताब्दी गेट बंद कर विरोध प्रदर्शन करते एएमयू छात्र
- फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के एमएम हॉल में शनिवार रात बैडमिंटन खेलने के दौरान कश्मीर और गाजीपुर के छात्रों के बीच मारपीट हो गई थी। अगले दिन रविवार को गुस्साए कश्मीरी छात्रों ने एएमयू के शताब्दी गेट को बंद करके नारेबाजी और प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे के बाद गेट खुला। इसके बाद आवाजाही शुरू हो गई।
एमएम हॉल के प्रोवोस्ट के अनुसार, शनिवार को देर शाम गाजीपुर के छात्र बैडमिंटन खेल रहे थे, तभी एक कश्मीर के छात्र ने शोरगुल होने के चलते खेल खत्म करने करने की बात कही। इस पर कश्मीर और गाजीपुर के छात्रों के बीच बहस होने लगी। इसके बाद मारपीट हो गई। हॉल के जिम्मेदारों ने बीचबचाव किया।
दोनों में समझौता हो गया, जबकि कश्मीरी छात्रों का आरोप है कि शोधार्थी जिब्रान को रात में गाजीपुर के छात्रों के समूह ने मारा-पीटा। रविवार को शाम चार बजे कश्मीरी छात्रों का समूह शताब्दी गेट पर आ गया और गेट बंद कर दिया। इसकी जानकारी लगते ही प्रॉक्टर भी पहुंच गए। उनकी मौजूदगी में कश्मीरी और गाजीपुर के छात्रों के बीच नोकझोंक के साथ झड़प भी हो गई।
पुलिस-प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया। कश्मीरी छात्रों ने एसीएम को ज्ञापन सौंपा, जिसमें अपनी सुरक्षा को लेकर आवाज बुलंद की। इस संबंध में प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद वसीम अली ने बताया कि कश्मीरी छात्रों ने मारपीट की शिकायत की है। इसकी जांच कराई जाएगी। शताब्दी गेट को खुलवा दिया गया है।