संरक्षित पशु - पक्षियों के प्रति क्रूरता रोकने एवं उनको भोजन उपलब्ध कराने के काम में जुटी समर्पित संस्था एनीमल फीडर्स एवं नगर निगम के सहयोग से पशु क्रूरता निवारण कार्यशाला का आयोजन कराया। संस्था ने द्वितीय स्थापना दिवस पर जवाहर भवन में कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम का मुख्य अतिथि एवं मंडलायुक्त गौरव दयाल, नगर आयुक्त गौरांग राठी, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त एवं संस्था के संरक्षक पंकज धीरज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जनपद की कई सामाजिक संस्थाएं उपस्थित रहीं। सामाजिक संस्था मुस्कुराहट की पहल के बच्चों ने जानवरों के ऊपर बढ़ती क्रूरता को लेकर एक जागरूकता नाटक प्रस्तुत किया। वीडियो के जरिए भी संस्था के कार्यों को प्रदर्शित किया गया।
नगर आयुक्त गौरांग राठी ने पशु क्रूरता पर रोक लगाने के लिए जन जागरूकता लाने पर जोर दिया। नगर निगम इस दिशा में एनीमल फीडर्स संस्था को सहयोग करेगा। संस्था के संरक्षक पंकज धीरज ने बताया कि कोरोना संक्रमण काल में जब संरक्षित पशु- पक्षी भूखे मरने की कगार पर थे। ऐसे समय में संस्था ने विभिन्न क्षेत्रों में जाकर बेजुबान संरक्षित पशु- पक्षी को भोजन कराया।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, उप नगर आयुक्त राज किशोर प्रसाद, एसएनए टीपी सिंह, संस्था के संस्थापक अध्यक्ष यश मणि जैन आदि ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में मुस्कुराहट की पहल, उड़ान सोसायटी से ज्ञानेंद्र मिश्रा, गो रक्षा समिति की कृष्णा गुप्ता, भारत विकास परिषद से मीना मिश्रा, डॉ. विराम वार्ष्णेय, उदित प्राची मौजूद रहे। संचालन राम सारस्वत ने किया।