गुरुसिकरन में धू धू कर जलती आरोपियों की बाइक
- फोटो : वीडियो ग्रैब
गांव गुरुसिकरन में 19 अगस्त सुबह खानदानी रिश्ते की ननद और भाभी के बीच शुरू हुई मजाक रार में बदल गई। शाम को बहन को बेइज्जत किए जाने से गुस्साए युवक और उसके साथियों में घर में घुसकर पड़ोसी जीतू को गोली मार दी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने दो हमलावरों को दबोच लिया और उन्हें पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। इनकी बाइक भी फूंक दी। इस दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पेट में गोली लगने से घायल जीतू का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
जीतू चौहान की गांव में ही चाउमीन और बर्गर की दुकान चलाता है। उसके पड़ोस में ही खानदानी भाई राजू चौहान का मकान है। ग्रामीणों के अनुसार 19 अगस्त सुबह जीतू की पत्नी अंजू और राजू की बेटी रेखा के बीच मजाक-मजाक में कहासुनी बढ़ गई। रेखा ने घर पहुंचकर माता पिता से शिकायत की तो उन्होंने मामले को रफा दफा कर दिया।
शाम साढ़े पांच बजे रेखा के भाई धर्मेंद्र को घटना का पता चला तो वह अपने दो अन्य दोस्तों के साथ जीतू के घर पहुंचा और कहासुनी व गालीगलौज के बाद जीतू पर फायर कर दिया, जिसमें वह बच गया। गोली चलने और जीतू के शोर मचाने पर ग्रामीण उधर दौड़ पड़े, जिसपर धर्मेंद्र अपने घर की छत पर चढ़ गया। उसके पकड़ने जीतू भी छत पर गया तो धर्मेंद्र उसे गोली मार छत से कूदकर फरार हो गया। उसके साथी लखन और आदर्श निवासी हरदुआगंज को ग्रामीणों ने दबोच कर पुलिस को सौंप दिया।
घायल जीतू को उपचार के लिए भेजा है, जिसके पेट में गोली फंसी है। पकड़े गए आदर्श व लखन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जीतू की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने तीनों हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।-मो. अकमल खान, सीओ अतरौली