कोतवाली नगर क्षेत्र के ऊपरकोट में मंगलवार को पुष्टाहार की दाल के छह बोरों को एक वाहन में ले जाते पकड़ा गया था। सोशल मीडिया पर भी इसका वीडियो वायरल हो रहा था। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को इस मामले में जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रेयस कुमार ने बताया कि नौरंगाबाद क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता को इस मामले में हटा दिया गया है। आरोप है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के स्तर से दाल की कालाबाजारी की जा रही थी।
इस प्रकरण में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके साथ ही आरोपी का मानदेय रोकने के साथ ही अब विभागीय कार्य से भी हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ ही बाल पुष्टाहार में दी जाने वाली दाल खरीदार निक्की के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।