सूबे के सभी जिलों में इंग्लिश मीडियम इंटर कॉलेज खोलेगी एएमयूअमर उजाला ब्यूरोअलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय प्रशासन ने उत्तर प्रदेश के समस्त जनपदों में अंग्रेेजी मीडियम इंटरमीडिएट कॉलेज स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए 129 साल पुरानी ऑल इंडिया मुस्लिम एजूकेशन कांफ्रेंस के साथ करार किया गया है। इस संगठन की स्थापना मुसलमानों में आधुनिक शिक्षा के विकास तथा वैज्ञानिक शिक्षा को विकसित करने के लिए 1886 में एएमयू संस्थापक सर सैयद अहमद खां द्वारा की गई थी। एएमयू कुलपति जमीरउद्दीन शाह ने बताया कि इंटर कॉलेजों की स्थापना की कड़ी में पहला कॉलेज उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के जौला गांव में स्थापित किया जा रहा है, जिसमें अगस्त 2015 से शिक्षण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। कॉलेज में अध्यापकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। सभी कॉलेज सीबीएसई से मान्यता प्राप्त होंगे। इन कॉलेजों का चरित्र धर्मनिरपेक्ष होगा और समस्त धर्म के छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें मुसलमानों के लिए आरक्षण का प्रबंध किया जाएगा। यह कॉलेज ईसाई मिशनरी स्कूलों के तर्ज पर चलाए जाएंगे ताकि छात्रों को बेहतर शुरुआती शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके और छात्र आईटीआई, एम्स, एनडीए आदि जैसे उच्च शिक्षण संस्थाओं में प्रवेश प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि अपने घर तथा दोस्तों के बीच मैंने देखा है कि जिन मुसलमान बच्चों को अच्छी स्कूली शिक्षा प्राप्त हुई, उन्होंने आगे चलकर उच्च शिक्षण संस्थानों में आसानी से प्रवेश प्राप्त कर लिया। आज की सबसे बड़ी आवश्यकता अच्छे स्कूलों की स्थापना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के समस्त जनपदों में जमीन के लिए दानी व्यक्तियों से संपर्क किया जाएगा। साथ ही विश्व भर में फैले एएमयू के पूर्व छात्रों से भी आर्थिक सहयोग प्राप्त किया जाएगा। एएमयू पीआरओ डॉ. राहत अबरार ने बताया कि एएमयू संस्थापक सर सैयद अहमद खां का जन्म 17 अक्तूबर 1817 को दिल्ली में हुआ था। एएमयू उनकी 200वीं जयंती मनाने की तैयारी में जुटा है। इसके लिए कुलपति जमीरउद्दीन शाह की अध्यक्षता में एक कमेटी भी गठित की गई है। प्रदेश के तमाम जनपदों में इंटर कॉलेजों की स्थापना सर सैयद को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से की जा रही है।