अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है के छात्र अगर विश्वविद्यालय में वापस आने के लिए मन बना रहे हैं तो अभी वह ऐसा इरादा न करें। देश भर में कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते खतरे के दृष्टिगत अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय ने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वह अलीगढ़ वापसी के लिए अभी यात्रा का इरादा न करें।
रजिस्ट्रार अब्दुल हमीद, आईपीएस, द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि छात्रों को विश्वविद्यालय लौटने से संबंधित जानकारी प्रदान की जाएगी। वह तभी अपनी यात्रा का इरादा करें। उन्होंने कहा कि इस संबंध में छात्र एएमयू और कंट्रोलर की वेबसाइट देखते रहें।
महामारी के प्रसार के चलते नए शैक्षिक सत्र में ऑनलाइन कक्षाओं का ही प्रावधान रहने की संभावना है। बीते शैक्षिक सत्र में भी शेष कक्षाएं ऑनलाइन ही संचालित हुई थीं। साथ ही फाइनल सेमेस्टर की परीक्षाएं भी ऑनलाइन हुई थी। यहां तक कि वायवा भी ऑनलाइन हुए।