अलीगढ़। डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ आगरा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रक्षपाल
सिंह ने कहा कि पांच वर्षों से निरंतर ढिंढोरा पीटने वाली उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार
के कार्यकाल में ग्रामीण क्षेत्रों की सरकारी उच्च शिक्षा राम भरोसे है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल में संचालित 170 सरकारी महाविद्यालयों में शिक्षकों के लगभग
25 फीसदी पद रिक्त हैं। 115 महाविद्यालयों में तो प्राचार्यों की नियुक्तियां नहीं हैं। इन
सरकारी महाविद्यालयों में प्राचार्यों व शिक्षकों की रिक्तियों के चलते प्रदेश सरकार
ग्रामीण अंचल में गुणवत्तापरक उच्च शिक्षा की उम्मीद कैसे कर सकती है। डॉ. रक्षपाल सिंह ने
कहा सरकारी महाविद्यालयों में प्राचार्यों व शिक्षकों की कमियों की वजह से प्रदेश के लाखों
विद्यार्थियों की पढ़ाई का नुकसान हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टैबलेट व
स्मार्ट फोन के वितरण के लिए अलीगढ़ महानगर के ही कॉलेज के विद्यार्थियों का चयन करके
ग्रामीण क्षेत्र के महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ सौतेला व्यवहार किया है।