हेडिंग...
आज अंत्योदय परिवार को दिया जाएगा आयुष्मान कार्ड
सबहेड...
जिला व ब्लाक स्तर पर जनप्रतिनिधि प्रदान करेंगे कार्ड
अमर उजाला ब्यूरो
अलीगढ़। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना या मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के लाभ से वंचित अंत्योदय परिवार को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया जाएगा। आज जनपद में ‘आयुष्मान अंत्योदय के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्य मुख्यालय पर लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान कर कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे, जिसका हर जिले में सजीव वेबकास्ट किया जाएगा। इसके साथ ही जनपद व ब्लाक स्तर पर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से 100 से 125 अंत्योदय लाभार्थियों को मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत आयुष्मान कार्ड सौंपा जाएगा।
अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने सूबे के सभी जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजकर 11 अक्टूबर को आयुष्मान अंत्योदय के द्वार कार्यक्रम के सफल आयोजन के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि सरकार के इस बड़े फैसले के बाद अंत्योदय लाभार्थियों का डाटा मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के डाटा बेस से इंटीग्रेट किया जा चुका है। इस तरह 11 अक्टूबर को आयुष्मान अंत्योदय के द्वार कार्यक्रम के जरिए एक ही दिन में करीब एक लाख अंत्योदय लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान करने का लक्ष्य तय किया गया है ।
खाद्य एवं रसद विभाग व पंचायती राज विभाग के सहयोग से अधिक से अधिक अंत्योदय लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने को कहा गया है। अपर मुख्य सचिव का कहना है कि अंत्योदय लाभार्थियों का ग्रामवार/वार्डवार आधार सीडेड डाटा बेस पहले से मौजूद है, इसलिए लाभार्थियों को चिन्हित करना और जल्दी से जल्दी आयुष्मान कार्ड बनाना आसान है। नोडल अधिकारी डॉ दुर्गेश कुमार ने बताया कि जिला एवं ब्लाक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर कार्ड का वितरण किया जाएगा।