अलीगढ़। वायरल, बुखार, मलेरिया और डेंगू के मामले अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कॉलेज में भी आ रहे हैं।
इनको लेकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन पर्याप्त सर्तकता बरत रहा है। जेएन मेडिकल कॉलेज में अलीगढ़ के अलावा बदायूं, बुलंदशहर, कासगंज, एटा, हाथरस और आसपास के इलाकों से मरीज उपचार के लिए आते हैं।
मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर का मानना है कि अक्टूबर महीने के बाद ऐसे मामलों में गिरावट आएगी। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर शाहिद अली सिद्दीकी कहते हैं कि सितंबर और अक्टूबर का महीना मलेरिया डेंगू और बुखार के लिए अनुकूल होता है। ऐसे मौसम में सावधानी बरतने की विशेष आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि डेंगू और मलेरिया आदि से निपटने के लिए कोई खास दवा इस्तेमाल नहीं होती है। बल्कि सहयोगी दवाओं का इस्तेमाल इसके उपचार के लिए किया जाता है। मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में कुछ कमरे ऐसे मामलों के लिए तैयार किए गए हैं।