अलीगढ़। थाना क्वार्सी क्षेत्र में शनिवार की रात को बाइक सवार बदमाशों ने महिला पार्षद से पर्स लूटने का प्रयास किया। पार्षद के प्रतिरोध और लोगों की भीड़ इकट्ठा होते देख बदमाश भाग गए।
गांधीनगर की रहने वाली अलका गुप्ता नगर निगम के वार्ड संख्या 33 से पार्षद हैं। अलका गुप्ता ने बताया कि वह शनिवार की रात को अपने पति योगेश कुमार वार्ष्णेय के साथ अपने एक रिश्तेदार के यहां पर अवंतिका कॉलोनी में गए थे।
दोनों रात 10:45 पर एक्टिवा स्कूटर से लौट रहे थे। किशनपुर चौराहे पर एक फूड स्टॉल से खाना पैक कराने के लिए वह थोड़ी देर वहां पर रुके। इस दौरान विपरीत दिशा से बुलेट मोटरसाइकिल पर दो बदमाश आए और अलका गुप्ता के पास जो पर्स था उसे छीन कर भागने लगे।
पर्स का एक हिस्सा अलका गुप्ता ने पकड़ रखा था। बदमाशों में उनसे छीना छपटी की लेकिन वह पर्स नहीं छीन पाए।
इस बीच मौके पर भीड़ भी इकट्ठा होने लगी। बदमाश कुछ दूर तक अलका गुप्ता को खींचते हुए ले गए। लेकिन जब देखा कि वह पर्स को अपने कब्जे में नहीं कर पा रहे हैं तो वह फरार हो गए। पार्षद के मुंह, नाक और पैर पैर में चोट लगी है। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।