यूपी बोर्ड परीक्षा में जिन्हें नहीं मिले अंक, वे भी होंगे प्रोन्नत
प्वाइंटर
डीआईओएस ने कक्षा दसवीं और 12वीं के प्रोन्नत हुए विद्यार्थियों को प्रवेश देने के लिए प्रधानाचार्यों जारी किए दिशा निर्देश
राजा तिवारी
अलीगढ़। माध्यमिक शिक्षा विभाग की यूपी बोर्ड परीक्षा में अंकों से वंचित रह चुके विद्यार्थियों के लिए राहत बड़ी खबर आ गई है। 31 जुलाई को जारी परिणाम में कई छात्र-छात्राओं का परीक्षाफल ही जारी नहीं हुआ है। अब विभाग के निर्देशों के क्रम में डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर समान रूप से अंक रहित प्रोन्नत हुए विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रवेश देने के लिए कहा है।
बता दें कि कोरोना संक्रमण काल के चलते माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कक्षा दसवीं व 12वीं के यूपी बोर्ड परीक्षार्थियों को सत्र 2020-21 के छात्र-छात्राओं को परीक्षा लिए बिना ही प्रोन्नत कर दिया था। निरस्त की गई लिखित परीक्षा के अंकों का निर्धारण करने के लिए पिछले सालों में दिए गए परीक्षाफल को आधार बनाया गया। परीक्षाफल तैयार करने के दौरान कई विद्यार्थी ऐसे भी थे, जिनके पूर्व की कक्षाओं में मिले परीक्षा परिणाम उपलब्ध नहीं थे। उन्हें भी समान रूप से प्रोन्नत कर दिया गया है। परिषद ने 31 जुलाई को परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। इस परिणाम में जिन विद्यार्थियों के नंबर नहीं मिले हैं, लेकिन वह यूपी बोर्ड परीक्षार्थी हैं। ऐसे सभी विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रवेश मिलेगा। ऐसे बच्चों को अगली कक्षा में दाखिले के लिए डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने जिले के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर दिया है।
--
ऐसे तैयार हुए था परीक्षाफल
12वीं के हर परीक्षार्थी का परीक्षा फल तैयार करने के लिए कक्षा 11 की दोनों परीक्षाओं (वार्षिक व अर्धवार्षिक) एवं कक्षा 12 की प्री बोर्ड परीक्षा से प्राप्त होने वाले अंकों को आधार बनाया गया। हाईस्कूल के परीक्षार्थी के लिए कक्षा नौ की वार्षिक और कक्षा दस की प्री-बोर्ड परीक्षा से प्राप्त होने वाले अंकों को आधार बनाया गया।
--
प्रोन्नत होने वाले परीक्षार्थियों की संख्या थी एक लाख
-यूपी बोर्ड परीक्षा में प्रोन्नत होने वाले परीक्षार्थियों की संख्या एक लाख 14 हजार 862 थी। कक्षा दस में 59852 परीक्षार्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत थे। जबकि 12वीं में 55010 छात्र-छात्राएं परीक्षा के लिए पंजीकृत थे।