अलीगढ़। नगर निगम कर्मचारियों के अक्सर अपनी सीटों से गायब रहने की शिकायतों के
मद्देनजर नगर आयुक्त ने शनिवार को नगर निगम सेवा भवन में आकस्मिक चेकिंग कर अधिकारी एवं
कर्मचारियों की हाजिरी चेक की। इस दौरान चार कर्मचारी अनुपस्थित मिले। गुस्साए नगर
आयुक्त ने सभी को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी कर दिये। इसके
उपरांत जन समस्याएं सुनीं।
नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह को कई दिन से शिकायत मिल रही थी कि नगर निगम के अधिकारी
एवं कर्मचारी समय से कार्यालय नहीं आते और आते भी हैं तो सीटों से गायब रहते हैं। इसे
गंभीरता से लेते हुए उन्होंने शनिवार को सुबह दस बजे आकस्मिक चेकिंग की। नगर आयुक्त ने
बताया कि चार कर्मचारी अनुपस्थित मिले थे। उन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर
कार्यप्रणाली में सुधार की चेतावनी दी गई है। जन समस्याओं की सुनवाई के दौरान नगर आयुक्त
को पला व असदपुर जलाल से 4 शिकायत अवैध कब्जे व रास्ता रोकने, 6 शिकायतें साफ -सफाई
व 2 शिकायतें पथ प्रकाश ठीक कराने के संबंध में मिली। इस दौरान नगर निगम कर्मचारी संघ
के अध्यक्ष रॉबिन केला व महामंत्री विजय गुप्ता ने सफाई व्यवस्था व सेनेटाइजेशन में लगे
कर्मचारियों को सुरक्षा किट उपलब्ध कराने से संबंधित पत्र दिया। नगर आयुक्त ने सहायक नगर
आयुक्त ठाकुर प्रसाद सिंह को जन शिकायतों पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश
दिये। प्रभारी स्टोर आरपी सिंह को कर्मचारी संघ की मांग को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिये।