अलीगढ़। शहर के रेड लाइट संयुक्त चौराहों पर अतिक्रमण के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को होने वाली समस्या व इनको अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग को लेकर सामाजिक संगठनों ने यातायात पुलिस और नगर निगम को पत्र लिखा है। नागरिक चेतना समिति और सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से लिखे गए पत्र में कहा गया है कि चौरहों को रेड लाइट से युक्त करना यातायात व्यवस्था के लिए सकारात्मक कदम है। लेकिन यहां पर मौजूद अतिक्रमण यातायात को दूसरे तरीके से बाधित करता है।
जिस समय चौराहों पर लाइट ग्रीन हो जाती है उस समय इस अतिक्रमण के कारण निर्धारित समय में वाहन चालक चौराहे को पार नहीं कर पाते हैं। इससे वहां हड़बड़ी और अव्यवस्था की हालत हो जाती है।
पत्र में कहा गया है कि किशनपुर चौराहे पर मीनाक्षी पुल की ओर सीधे जाने के लिए भी अवरोध पैदा कर दिया गया है। जब के यहां पर किसी प्रकार की यातायात रोकने की आवश्यकता नहीं है। इसी तरह केला नगर चौराहे पर अतिक्रमण के चलते निर्धारित समय में वाहन चालक चौराहे को क्रॉस नहीं कर पाते हैं। उससे पहले ही लाइट रेड हो जाती है।
यहां पर अतिक्रमण की जबरदस्त समस्या है। सभी रेड लाइट पर बाई ओर जाने के लिए ग्रीन लाइट तो रहती है लेकिन रेड लाइट के कारण रुका यातायात बाई ओर जाने वाले वाहन चालकों को स्थान नहीं दे पाता। इसके चलते और भी यातायात जाम हो जाता है। अभी शहर की सड़कों पर पूरी क्षमता से यातायात नहीं है। जब स्कूल खुल जाएंगे और कोचिंग भी संचालित होने लगेंगी, तब स्थिति और भी जटिल हो जाएगी।
पत्र में मांग की गई है कि जल्द से जल्द रेड लाइट युक्त चौराहों को अतिक्रमण से मुक्त किया जाए। जिससे शहर के वाहन चालकों को कुछ राहत मिलेगी।