बेसिक शिक्षकों को अब प्रेरणा डीबीटी एप पर देनी होगी विद्यार्थियों की जानकारी
प्वाइंटर
त्रुटि संशोधन के लिए खंड शिक्षा अधिकारी देंगे अनुमति, विभिन्न समस्याएं होंगी खत्म
अमर उजाला ब्यूरो
अलीगढ़। बेसिक शिक्षा विभाग के 2499 बेसिक स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की जानकारी अब प्रेरणा डीबीटी एप पर देनी होगी। वहीं जो डाटा पहले से पोर्टल पर भरा जा चुका है। वह डाटा स्वतः ही इस एप पर दिखने लगेगा। अगर कोई गलती सुधारनी है तो खंड शिक्षा अधिकारी से अनुमति लेनी है। इससे विभिन्न तरह की समस्याएं खत्म हो जाएंगी।
बता दें कि पोर्टल पर प्रामाणिक छात्र संख्या सूचना की फीडिंग के लिए अध्यापकों और प्रधानाध्यापकों के प्रयोग के लिए सरकार ने प्रेरणा डीबीटी मोबाइल एप लांच किया है। राज्य परियोजना कार्यालय ने विगत दिनों प्रेरणा पोर्टल पर 31 मार्च की स्थिति के अनुसार कक्षा एक से लेकर आठ तक की प्रामाणिक छात्र संख्या (रजिस्टर से प्रमाणित कर) उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पोर्टल पर उक्त सूचना की फीडिंग के दौरान सर्वर संबंधी कई समस्याएं आ रही थीं। ऐसे में अध्यापक और प्रधानाध्यापकों के लिए प्रेरणा डीबीटी मोबाइल एप विकसित किया है। इस एप का उपयोग मात्र अध्यापक और प्रधानाध्यापक अपने रजिस्टर्ड मोबाईल नंबर से चला पाएंगे। खंड शिक्षा अधिकारी अपने नंबर से लॉगइन नहीं कर सकते हैं, लेकिन प्रधानाध्यापक द्वारा गलत भरे गए डाटा को संशोधन के लिए अनुमति देनी होगी। वहीं जो प्रधानाध्यापक पोर्टल के माध्यम से अपनी सूचनाएं फीड कर चुके हैं और पीडीएफ भी अपलोड कर चुके हैं। वे अपनी सूचनाओं को तो इस एप के माध्यम से देख सकते हैं, लेकिन पीडीएफ नहीं दिखेगा। जबकि खंड शिक्षा अधिकारियों को सभी सूचनाएं प्रदर्शित होंगी।