अलीगढ़। भारत के पूर्व क्रिकेटर यशपाल शर्मा के निधन से क्रिकेट प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई। मध्यक्रम के बल्लेबाज रहे यशपाल शर्मा 1983 में विश्व कप विजेता टीम का भी हिस्सा रहे थे। क्रिकेट से संन्यास के बाद उन्होंने कमेंटेटर के रूप में भी खेल प्रेमियों का दिल जीता।
क्रिकेट प्रेमी बोले
भारत के दिग्गज बल्लेबाजों में से एक रहे यशपाल शर्मा के निधन से क्रिकेट जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। वह 80 के दशक के धाकड़ बल्लेबाज थे।
-प्रशांत माहेश्वरी
यशपाल शर्मा न सिर्फ अच्छे क्रिकेटर थे, बल्कि अच्छे इंसान भी थे। वह भारतीय क्रिकेट का एक मजबूत स्तंभ थे, उनके निधन की खबर सुनकर मन बहुत दुखी है।
-विशाल सक्सेना
1983 वर्ल्डकप में यशपाल शर्मा को खेलते हुए पहली बार देखा था। वो एक लाजवाब बल्लेबाज थे। उनकी बल्लेबाजी की शैली बहुत आकर्षक थी। उनके निधन से बहुत दुखी हूं।
-संजय जैन
यशपाल शर्मा के रूप में भारत ने एक पूर्व क्रिकेटर और मधुर आवाज से क्रिकेट मैचों का आंखों देखा हाल सुनाने वाले को खो दिया। उनके जाने से क्रिकेट जगत को बड़ा आघात लगा है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।
-अजय शर्मा, क्रिकेट कोच
–-------–
बॉक्स
अलीगढ़ क्रिकेट एकेडमी में शोक सभा
अलीगढ़। भारत के पूर्व क्रिकेटर यशपाल शर्मा के निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर है। आगरा रोड स्थित लाल बहादुर शास्त्री कन्या महाविद्यालय में अलीगढ़ क्रिकेट एकेडमी की ओर से एक शोक सभा आयोजित की गई। युवा खिलाड़ियों ने 2 मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिये ईश्वर से प्रार्थना की। एकेडमी के अध्यक्ष मुकेश सक्सेना ने कहा कि अब यशपाल जी हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन वह खिलाड़ी के रूप में हमेशा हमारी यादों में रहेंगे। उन्होंने भारतीय क्रिकेट की सेवा की वो खेल के मैदान पर हमेशा याद किए जाएंगे। शोक सभा में नरेश कुमार, स्वयम्भू सिद्धार्थ गौड़, रविन्द्र जैन, वैभव जैन, राहुल कुमार, हर्ष शर्मा, जितेंद्र कुमार, मानस सक्सेना आदि उपस्थित रहे।