अलीगढ़। जिले में लापता चल रहे बच्चे और व्यक्तियों की तलाश के लिए अब पुलिस ने अलग से ऑपरेशन खुशी चलाने का फैसला किया है।
इसके तहत पुलिस की एक शाखा गुमशुदा बच्चों और व्यक्तियों की तलाशने का कार्य करेगी। इसके लिए थाना स्तर पर एक अलग से शाखा गठित कर दी जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि नियमित अपराधियों के क्रम में गुमशुदा व्यक्तियों और उनके परिवारों का दर्द पीछे रह जाता है। जबकि किसी परिवार के लिए गुमशुदा हुआ व्यक्ति बहुत मायने रखता है।
इस बात को ध्यान में रखते हुए थाना स्तर पर एक सब इंस्पेक्टर, 1 हेड कांस्टेबल,एक बीट कांस्टेबल नामित करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
यह टीम प्रत्येक गुमशुदा के घर पहुंच कर सत्यापन करेगी और गुमशुदा व्यक्ति के संबंध में जानकारी जुटाएगी। यह टीम यह भी पता करेगी कि वह व्यक्ति जो गुमशुदा थे और अब घर वापस आ गए हैं, तो उनको भी थाने में सूचित करेगी। यह टीम क्षेत्र के आश्रम, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे आदि पर मूवमेंट करती रहेगी।