मंडलायुक्त गौरव दयाल को राख और प्रदूषण की समस्या के संबंध में ज्ञापन सौंपते उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष कुंवर गौरांग देव चौहान व अन्य कांग्रेसी
- फोटो : Amar Ujala
अलीगढ़। बरौली विधानसभा क्षेत्र मैं स्थित कासिमपुर पावर हाउस और जवां क्षेत्र में राख की समस्या और बढ़ रहे प्रदूषण को लेकर उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष कुंवर गौरांग देव चौहान के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने बुधवार को मंडलायुक्त गौरव दयाल को एक ज्ञापन सौंपा।
गौरांग देव चौहान ने कहा जवां क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण के चलते लोग अस्थमा, टीबी, श्वास संबंधी अन्य बीमारियों से लगातार ग्रस्त होते जा रहे हैं। दिन के समय घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता है । पर्यावरण को नुकसान पहुंचाते हुए कुछ फैक्ट्रियां क्षेत्र में धड़ल्ले से प्रदूषण फैला रही हैं। इसके कारण क्षेत्र के किसानों को भी बहुत नुकसान उठाना पड़ता है।
उनकी फसलें बर्बाद हो जाती हैं । कृषि उपज भी प्रभावित हो रही है। ज्ञापन में मांग की गई है क्षेत्र में जितनी भी औद्योगिक इकाइयां हैं उनमें प्रदूषण नियंत्रण करने के उपाय किए जाएं इसके बाद ही उनका संचालन किया जाए।
जिला उपाध्यक्ष ठाकुर अमित सिंह ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस पर सरकार अपनी उपलब्धियों को बता रही है वहीं दूसरी ओर अलीगढ़ के कासिमपुर पावर हाउस क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
ज्ञापन सौंपने बालों में रेहान खान, फईम खान, कृष्ण पाराशर, अन्नू ठाकुर, विपिन सिंह, रोहित कुमार, रमेश शर्मा, बंटी सिंह, अनुज वाल्मीकि, उमेश ठाकुर, अरमान खान, अमीर, नावेद, राहुल सैनी आदि युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।