अलीगढ़। शैक्षिक गुणवत्ता मैं बेहतरी की दिशा में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में एक मुकाम और हासिल कर लिया है। विश्वविद्यालयों की एकेडमिक रैंकिंग, शंघाई रैंकिंग 2020 ने विश्व के महत्वपूर्ण विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों की अपनी पहली रैकिंग में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को भारतीय विश्वविद्यालयों के बीच चौथा स्थान प्रदान किया है।
एएमयू भारतीय विश्वविद्यालयों के बीच सभी विश्वविद्यालयों की 801-900 रैंकिंग के ब्रैकेट में है। जबकि भारतीय शिक्षण संस्थानों में इसका स्थान आठवां है। एएमयू से पहले रैकिंग में जिन संस्थानों को स्थान मिला है उनमें भारतीय विज्ञान संस्थान,आईआईटी मद्रास, आईआईटी दिल्ली और आईआईटी खड़गपुर सहित क्रमशः दूसरे, तीसरे तथा सातवें स्थान पर कोलकाता विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय तथा जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय हैं।
एएमयू रैंकिंग समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर एम सालिम बेग ने कहा कि शंघाई रैंकिगिंग 2020 ने देश के कई शीर्ष विश्वविद्यालयों की तुलना में एएमयू को बेहतर स्थान दिया है और यह एएमयू बिरादरी के लिए संतुष्टि की बात है।
कुलपति ने शिक्षकों और छात्रों को बधाई दी
अलीगढ़। कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर ने इस उपलब्धि के लिए विश्वविद्यालय के शिक्षकों और छात्रों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि एएमयू बिरादरी पिछले साल के दौरान कोविड-19 महामारी के कारण होने वाली बाधाओं को लगातार पीछे धकेलते हुए विश्वविद्यालय को आगे ले जाने के अपने संकल्प के लिए बधाई की पात्र है। विश्वविद्यालय को उच्च शिक्षा के एक शीर्ष केंद्र के रूप में उभरते हुए देखना हर्ष का विषय है।