अलीगढ़। कस्बा खैर के गांव निवसानी में एक महिला ने घरेलू विवाद के चलते विषाक्त पदार्थ खाकर दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
गांव निवसानी के रहने वाले संजीव ने बताया कि उसकी 32 वर्षीय पत्नी सुमन का मंगलवार को घरेलू बात को लेकर उससे विवाद हो गया था। उस समय परिवार के अन्य लोगों ने समझाकर मामला शांत कर दिया था। इलाका पुलिस का कहना है कि इसी झगड़े के बाद से सुमन के मन में अंदर ही अंदर तनाव पनप रहा था। शाम को उसने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। तबियत खराब होने पर परिवार के लोग उस को मलखान सिंह जिला अस्पताल लेकर गए। लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सुमन को जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां पर उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।