डिग्रियों की फोटोकॉपी जलाकर युवाओं ने जताया विरोध
प्वाइंटर
मेवाती समाज ने चाय बनाकर मनाया राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस
अमर उजाला ब्यूरो
अलीगढ़। बेरोजगारी दिवस के मौके पर बृहस्पतिवार को युवाओं ने अपनी डिग्रियों की फोटोकॉपी जलाकर विरोध जताया। साथ ही मेवाती समाज ने चाय बनाकर राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस मनाया। यहां युवाओं ने कहा कि लगातार बढ़ रही बेरोजगारी से देश परेशान है। वहीं ऊपर से पांच साल संविदा जैसे नियम जले पर नमक छिड़कने जैसा है।
भारतीय मेवाती समाज के सह प्रभारी आजम मेवाती के नेतृत्व मे कार्यकर्ताओं ने जमालपुर में चाय बनाकर विरोध जताया। यहां आजम मेवाती ने कहा कि बेरोजगारी के आंकड़े पिछले 45 वर्षो के चरम पर हैं। ऊपर से संविदा का नया नियम लाकर सरकार युवाओं-नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। इस मौके पर प्रदेश सचिव मोहसिन मेवाती, अरबाज मेवाती, रशीद अली मेवाती, जाहिद मेवाती, अबसर मलिक, अजीम अब्बासी, असद ठाकुर, मो. फारूक, शादाब ठाकुर, शाहरुख खान, इब्राहिम खान, अकरम मेवाती आदि मौजूद रहे। जबकि टीईटी पास मोअल्लिम रहबर ए उर्दू के आह्वान पर 4000 उर्दू शिक्षकों की भर्ती व 69000 शिक्षकों की भर्ती की मांग को लेकर बेरोजगार युवाओं ने अपनी डिग्रियों की फोटो कॉपी जलाकर विरोध जताया। तीन साल से लटकी चार हजार उर्दू भर्ती के अभ्यर्थी अब्दुल जलील सिद्दीकी का कहना था कि सरकार हाईकोर्ट के आदेश तक को नहीं मान रही है और अभी तक हमें नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया है। यह बेरोजगारों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। जिसे बेरोजगार युवा सहन नहीं करेगा। यहां पांच साल संविदा का भी विरोध जताया गया। इस मौके पर मोहम्मद सलमान, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद आसिफ, गुलाम रब्बानी, दानिश जैदी, मोहम्मद अफजाल आदि मौजूद रहे।