अलीगढ़। मंडी के अंदर ढाई प्रतिशत मंडी शुल्क के विरोध में व्यापारियों का आक्रोश बृहस्पतिवार को सतह पर आ गया। व्यापारियों ने धनीपुर मंडी में बैठक कर इस व्यवस्था पर आक्रोश जताया। समस्या को लेकर मंडी व्यवसाय शुक्रवार आज दोपहर 12 बजे विधायक छर्रा व विधायक कोल को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन देंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए गल्ला व्यापारी कल्याण समिति के अध्यक्ष सुरेश चंद लोधी ने कहा कि सरकार ने मंडी के बाहर तो मंडी शुल्क समाप्त कर दिया है लेकिन मंडी के अंदर ढाई प्रतिशत मंडी शुल्क लग रहा है । इसका फायदा उठाकर प्राइवेट कंपनियां मंडी के बाहर ही किसानों का माल खरीद कर मोटा मुनाफा कमा रही हैं। इससे मंडी में किसानों की आवाजाही कम हो गई है तो राजस्व को भी क्षति पहुंच रही है। समस्या को लेकर मंडी व्यापारी शुक्रवार आज खैर विधायक रविंद्र पाल सिंह एवं कोल विधायक अनिल पाराशर को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपेंगे। इसकी एक कॉपी प्रमुख सचिव, डायरेक्टर मंडी व कृषि आयुक्त को भी भेजी जाएगी। इस मौके पर योगेंद्र पाल सिंह लालू, दयानंद गोयल, प्रदीप कुमार अग्रवाल, मुकुट बिहारी लाल अग्रवाल, राजकुमार मित्तल, सुनील कुमार, देवेंद्र कुमार, मनोज सिंह व मुनेंद्र पाल सिंह आदि उपस्थित थे ।