शासन ने जिले की नवसृजित सात नगर पंचायतों में परिसीमन के बाद उन्हें वार्डों में विभाजित कर उनके नामों की सूची जारी कर दी गई है। इसको लेकर आमजन से आपत्तियां मांगी गई है। इस बार शासन स्तर से नई शुरूआत करते हुए नए वार्डों को नंबरों की बजाए महापुरुषों के नाम पर बनाया गया है।
जिले की नवसृजित गभाना एवं मडराक नगर पंचायतों में सर्वाधिक 15-15 वार्ड प्रस्तावित किए गए हैं, जबकि चंडौस में सबसे कम 11 वार्ड प्रस्तावित किए गए हैं। जिले में अब एक नगर निगम, दो नगर पालिका एवं 16 नगर पंचायत हैं। इनमें सात नई नगर पंचायत हैं। इन सभी नगर पंचायतों में नगर विकास विभाग ने वार्डों को महापुरुषों का नाम दिया है। इन नामों से ही नगर पंचायतों में वार्डों की पहचान होगी।
मडराक नगर पंचायत में तीन वार्ड अब पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर रखे गए हैं। इसे कल्याण नगर के नाम से जाना जाएगा। यह पहला अवसर है जब जिले की नगर पंचायत के किसी वार्ड का नाम पूर्व मुख्यमंत्री के नाम पर रखा गया है। मडराक में 15 वार्ड बनाए गए हैं।
यहां श्रीराम नगर, दीनदयाल नगर, कल्याण नगर, आंबेडकर नगर, आर्यनगर, शिवाजी नगर, पृथ्वीराज नगर, अटल चौक, जानकारी नगर, महाराणा प्रताप नगर, अहिल्याबाई नगर बनाया गया है। नगर पंचायत चंडौस में 11 वार्ड बनाए गए हैं। यहां शिवाजी नगर, सरस्वती नगर, श्रीराम नगर, महाराजा नगर, पिसावा में 12 वार्ड बने हैं। इसमें आंबेड़कर नगर बनाया गया है।
जवां- सिकंदरपुर में 14 वार्ड बनाए गए हैं। टप्पल में 13 वार्ड बने हैं। यहां आंबेडकर नगर, महर्षि वाल्मीकि नगर, रानी लक्ष्मीबाई नगर, स्वामी विवेकानंद नगर, पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम नगर, शहीद भगत सिंह नगर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर बनाया गया है।
बरौली में 14 वार्ड बने हैं। यहां आंबेडकर नगर, शिवाजी नगर वार्ड बनाया गया है। गभाना में प्रताप नगर, राधा नगर, कौशल्या नगर, संत वाल्मीकि नगर, चैतन्य नगर, राजनगर के नाम से वार्ड बनाए गए हैं।
- पहले नगर पंचायतों में वार्ड की नंबर से पहचान होती थी। अब शासन स्तर से नवगठित नगर पंचायतों में महापुरुषों के नाम पर वार्ड बनाने की नई शुरूआत की गई है। अब वार्ड महापुरुषों के नाम से ही जाने जाएंगे।
- गौरव दयाल, मंडलायुक्त, अलीगढ़ मंडल